एलपीजी सिलेंडर 60 रुपये महंगा, जानिए नया रेट और कारण

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ती जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी हो गई है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़कर 913 रुपये हो गई है। पहले यह सिलेंडर 853 रुपये में उपलब्ध था।
वहीं, 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 1883 रुपये का हो गया, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1835 रुपये तय की गई है। यह नई दरें आज से प्रभावी हैं।
रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने का आदेश
सरकार ने बढ़ती कीमतों और संभावित आपूर्ति संकट को देखते हुए सभी सरकारी और निजी एलपीजी रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आश्वस्त किया कि भारत को ऊर्जा की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, भले ही मिडिल ईस्ट में स्थिति अस्थिर बनी हुई है।
भारत के पास पर्याप्त गैस रिजर्व
सरकारी सूत्रों के अनुसार, देश के पास अभी पर्याप्त गैस और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का स्टॉक मौजूद है। कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति में संभावित रुकावट को पूरा करने के लिए तेल कंपनियां गल्फ क्षेत्र के बाहर से भी इम्पोर्ट कर रही हैं।
कच्चे तेल की आपूर्ति पर युद्ध का असर
ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही रोकने के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। यही वजह है कि एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि भारत इस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.