लखनऊ में CM योगी ने फहराया तिरंगा, बोले- 9 साल में बदली प्रदेश की तस्वीर

HIGHLIGHTS
- लखनऊ के विधानभवन में ध्वजारोहण के बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान हुआ।
- हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा की गई।
- देशभर से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा उत्तर प्रदेश देशभक्ति के रंग में नजर आया। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन में ध्वजारोहण किया। समारोह में पहली बार राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। विधानभवन परिसर में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।
ध्वजारोहण के बाद कलाकारों ने बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने शहीदों और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।
भगवा पगड़ी में नजर आए योगी
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवा पगड़ी में नजर आए। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता पहने दिखाई दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त करने के लिए देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश में गरीब, युवा, महिला और किसान चार प्रमुख वर्ग हैं और इनके लिए काम करने से बेहतर परिणाम मिलेंगे।
तिरंगे से सजा पूरा प्रदेश
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में घरों, दुकानों और सरकारी-गैर सरकारी इमारतों पर तिरंगा लहराता नजर आया। चौराहों और सरकारी कार्यालयों को भी तिरंगे से सजाया गया। प्रदेशभर में जगह-जगह ध्वजारोहण और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आगरा में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली, जबकि वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर को तिरंगा स्वरूप में सजाया गया।
योगी बोले- 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार का सृजन हुआ
सीएम योगी ने कहा कि सुशासन के मॉडल का प्रभाव है कि प्रदेश को पिछले 9 वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश मिला है। उन्होंने कहा कि 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार का सृजन हुआ और बड़े उद्योगों की संख्या ढाई गुना बढ़ी है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 22 हजार से ज्यादा स्टार्टअप हो चुके हैं और 9 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इंसेफ्लाइटिस जैसी संचारी बीमारियों को खत्म कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में ड्रॉपआउट रेट 19 फीसदी से घटकर केवल 3 फीसदी रह गया है। पिछले 9 वर्षों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों को उचित मानदेय दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.