लखनऊ: नर्सिंग छात्रा के साथ यौन शोषण, केजीएमयू इंटर्न डॉक्टर गिरफ्तार

लखनऊ। नर्सिंग की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ कथित यौन शोषण के मामले में केजीएमयू से इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस डॉक्टर मो. आदिल को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता अलीगंज स्थित पीजी में रहती हैं और कुछ समय पहले कैसरबाग के आगा साहब की कोठी स्थित फ्लैट में आरोपी से मिली थीं।
पुलिस के अनुसार, आदिल ने पहले छात्रा से दोस्ती की और प्रेम का जाल बिछाकर उसे शादी का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने छात्रा को अपने फ्लैट में बुलाकर कथित रूप से यौन शोषण किया। कुछ दिन तक सब सामान्य चलता रहा, लेकिन जब छात्रा ने शादी के बारे में गंभीरता से पूछा, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और शादी से इंकार कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने गाली-गलौज करने के साथ-साथ उसका अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। 29 दिसंबर को उसने कैसरबाग थाने में यौन शोषण और धमकी के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई।
डीसीपी पश्चिम ने बताया कि एफआईआर के बाद पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया गया, जिसमें उसने अपनी शिकायत की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और पता चला कि वह मूल रूप से बरेली के रामपुर गार्डन का निवासी है।
सर्विलांस मदद से बृहस्पतिवार को पुलिस को आरोपी की लोकेशन कैसरबाग स्थित रेडक्रॉस अस्पताल के पास मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मो. आदिल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.