शाहदरा मेट्रो गार्ड हत्याकांड में बड़ा एक्शन: मुजफ्फरनगर से 8 आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो के एक सुरक्षा गार्ड की पिटाई कर हत्या किए जाने के मामले में मुजफ्फरनगर जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी योगा एक्सप्रेस ट्रेन से फरार हो रहे थे, जिन्हें मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया गया और बाद में दिल्ली जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
घटना के अनुसार, बागपत जिले के खेकड़ा निवासी पंकज धामा दिल्ली मेट्रो में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के बाद वह शनिवार सुबह अपने घर लौटने के लिए शाहदरा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रेन में सवार होने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि कहासुनी ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और युवकों ने पंकज धामा पर हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली जीआरपी ने घटना की सूचना सभी रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट के रूप में भेज दी, जिसके बाद मुजफ्फरनगर जीआरपी ने योगा एक्सप्रेस के रूट पर निगरानी बढ़ा दी। जैसे ही ट्रेन मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर पहुंची, पुलिस ने घेराबंदी कर आठ आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित, सागर, हर्षित, निशांत, जीवन, प्रिंस और आकाश सहित आठ लोगों के रूप में हुई है, जो दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र के विश्वास नगर स्थित न्यू संजय अमर कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जीआरपी थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर दिल्ली जीआरपी को सौंप दिया गया है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच दिल्ली जीआरपी द्वारा की जा रही है।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुआ छोटा-सा विवाद इस गंभीर वारदात में बदल गया, जिसमें एक सुरक्षा गार्ड की जान चली गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.