फतेहगढ़ साहिब में बड़ा सड़क हादसा, बस दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मौत

फतेहगढ़ साहिब। बैसाखी पर्व पर श्री आनंदपुर साहिब से माथा टेककर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस मंगलवार देर रात फतेहगढ़ साहिब के गांव भटेड़ी के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस्सी पठाना तहसील के गांव मैण माजरी की संगत बैसाखी के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब माथा टेकने गई थी। इस जत्थे में डडयाना, माजरा और शेरगढ़ बाड़ा गांव के श्रद्धालु भी शामिल थे। सभी लोग गुरुद्वारा साहिब की बस में सवार होकर देर रात घर लौट रहे थे। लौटते समय गांव मैण माजरी से करीब तीन किलोमीटर पहले भटेड़ी के पास बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा बल और बस्सी पठाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, मोरिंडा सिविल अस्पताल में 15 घायलों को भर्ती कराया गया है, जबकि फतेहगढ़ साहिब सिविल अस्पताल में 9 घायलों का इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। कुछ अन्य घायलों का इलाज बस्सी पठाना अस्पताल में जारी है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी फतेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल, डीएसपी बस्सी पठाना राजकुमार शर्मा और स्थानीय विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
रात में ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
शिरोमणि अकाली दल की सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.