पश्चिम बंगाल से जाने वाली है ममता सरकार: हल्दिया रैली में बोले पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रचार गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्य में तीन प्रमुख चुनावी रैलियों को संबोधित किया। पूर्वी मेदिनीपुर में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने राज्य सरकार पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि यह चुनाव केवल चुनाव नहीं बल्कि बंगाल के गौरव को फिर से स्थापित करने का मौका है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बंगाल की जनता ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह चुनाव विकसित और मजबूत बंगाल बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर राज्य के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल अन्य राज्यों की तरह विकास की राह पर नहीं बढ़ पा रहा। पीएम मोदी ने मतदाताओं से बदलाव की अपील करते हुए कहा कि राज्य को विकास के पथ पर लाने के लिए निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है।
यह पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी का दूसरा दौरा है। इससे पहले 5 अप्रैल को उन्होंने कूचबिहार से अभियान की शुरुआत की थी, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था और ‘भय बनाम भरोसा’ के मुद्दे पर टीएमसी सरकार की आलोचना की थी।
रैलियों की राजनीतिक अहमियत
इन रैलियों को राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल्दिया को नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है, जहां भाजपा अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र आसनसोल में पार्टी अपनी स्थिति फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
बीरभूम जिले के सूरी में आयोजित रैली भी खास महत्व रखती है क्योंकि यह टीएमसी का मजबूत गढ़ है। भाजपा यहां संगठनात्मक नेटवर्क और सत्ता-विरोधी माहौल का फायदा उठाकर अपनी पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सदस्य के लिए मतदान दो चरणों में होगा: 23 और 29 अप्रैल को, जबकि मतगणना 4 मई को आयोजित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.