'मुंह पर राम, बगल में छुरी' की राजनीति नहीं चलेगी: मनोज पांडे

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के 'सर्व समाज संवाद' कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
- छात्र आंदोलन पर बोले- शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ना स्वीकार्य नहीं।
- राम मंदिर चोरी मामले पर कहा- दोषियों पर कार्रवाई हो रही है, पूरे सिस्टम पर सवाल उठाना उचित नहीं।
मुजफ्फरनगर। पचेंडा रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में मंगलवार शाम करीब छह बजे राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 'सर्व समाज संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार सहित भाजपा-रालोद गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में साधु-संत और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित उमादत्त शर्मा (प्रदेश महासचिव रालोद) ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि जो लोग पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व, रामचरितमानस और सनातन पर सवाल उठाते थे, आज वही श्रीराम का नाम लेने लगे हैं। उन्होंने कहा कि "मुंह पर राम, बगल में छुरी" की राजनीति को अब जनता स्वीकार नहीं करेगी।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन और पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज पांडे ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार है, लेकिन आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था प्रभावित करना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान एक एंबुलेंस को रास्ते में रोक दिया गया, जिसमें एक बीमार बेटी को अस्पताल ले जाया जा रहा था। उनके अनुसार समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन के दौरान पुलिस पर पथराव हो, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाए और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़े, तो पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करनी पड़ती है।
अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी की घटना पर उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के अपराध के आधार पर पूरी व्यवस्था या संस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान में भरोसे के आधार पर कर्मचारी नियुक्त किया जाता है और यदि वही व्यक्ति अपराध करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होती है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, उनसे भाजपा को किसी तरह की सलाह लेने की आवश्यकता नहीं है।
अपने संबोधन के अंत में मनोज पांडे ने कहा कि समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने की कोशिशों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता बनाए रखने, सनातन मूल्यों को मजबूत करने और भाजपा-रालोद गठबंधन का समर्थन करने की अपील की। साथ ही दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.