मेरठ सेंट्रल मार्केट तनाव: साहिल प्लाजा के मालिक और व्यापारी किशोर वाधवा के बीच मारपीट

मेरठ: शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में बुधवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में आवास विकास परिषद की टीम सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंची। टीम जैसे ही दुकानों और प्रतिष्ठानों को सील करने लगी, वहां मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया। नाराज व्यापारियों ने परिषद की टीम का घेराव करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और जमकर नारेबाजी की।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब विरोध के बीच व्यापारियों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। यह विवाद साहिल प्लाजा को सील किए जाने के विरोध के दौरान हुआ। मौके पर व्यापारी नेता जीतू नागपाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और नीरज मित्तल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।
इसी दौरान 660/6 साहिल प्लाजा के मालिक महिपाल, उनके बेटे अधिवक्ता राहुल मालिक और व्यापारी किशोर वाधवा के बीच हाथापाई हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन क्षेत्राधिकारी अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद उन्हें थाने भेज दिया गया। सीओ ने मौके पर मौजूद व्यापारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत भी दी।
धरने के दौरान एक व्यापारी की तबीयत बिगड़ी
विरोध प्रदर्शन के बीच धरने पर बैठे व्यापारी अशोक गिरधर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आने की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। व्यापारी के बेहोश होने पर आवास विकास परिषद की टीम ने करीब एक घंटे तक सीलिंग की कार्रवाई रोक दी।
हालात सामान्य होने के बाद टीम ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई व्यापारी जमीन पर बैठकर राम-नाम जपते हुए सीलिंग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.