मेरठ: कांवड़ यात्रा को लेकर जमीयत की अपील, मोहल्ले की मस्जिद में ही पढ़ें जुमे की नमाज

HIGHLIGHTS
- जमीयत उलमा-ए-हिंद ने गुरुवार को बैठक कर लोगों से अपील की।
- जुमे की नमाज के समय दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक का जिक्र किया गया।
- दिल्ली रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में जाने वाले नमाजियों को सलाह दी गई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश जमीयत उलमा-ए-हिंद ने कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए मेरठ में मुस्लिम समाज के लोगों से विशेष अपील की है। संगठन ने लोगों से कहा है कि जुमे की नमाज के लिए मस्जिद तक पैदल जाने का प्रयास करें और संभव हो तो अपने-अपने मोहल्लों की मस्जिदों में ही नमाज अदा करें।
जमीयत उलमा-ए-हिंद के वरिष्ठ सदस्य और नायब शहर काजी जैनुर राशिदीन सिद्दीकी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा करते हैं।
उन्होंने दिल्ली रोड, केसरगंज, माहीगिरान, सोतीगंज, ईदगाह चौक, इमलियान, हापुड़ रोड और गढ़ रोड सहित अन्य क्षेत्रों में जाने वाले नमाजियों से अपील की है कि वे जुमे की नमाज के लिए स्कूटर या अन्य वाहनों का इस्तेमाल करने के बजाय पैदल जाने को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि शहर में शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए इस शुक्रवार को अपने मोहल्ले की मस्जिदों में ही नमाज अदा करना बेहतर रहेगा। मुस्लिम समाज अमन पसंद है और किसी को परेशानी नहीं पहुंचाना चाहता।
जैनुर राशिदीन सिद्दीकी ने बताया कि इस संबंध में गुरुवार को पुरानी तहसील क्षेत्र में बैठक आयोजित कर लोगों से यह अपील की गई।
बैठक में कारी सलमान कासमी, हाजी शीराज रहमान, हाजी इमरान सिद्दीकी, हाजी इरशाद कुरैशी, अय्यूब अंसारी, मुफ्ती अफीफुल्लाह, मौलाना शाहनवाज, मौलाना अलीमुद्दीन, शम्स रशिद, हारून राईनी, मौलाना मुईन अख्तर, मौलाना जुनैद, अजहर खान, काजी शादाब, अख्तर सलम और आफताब सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.