मेरठ: मां को मनोना धाम ले जाने के बहाने निकली बेटी, प्रेमी संग मिलकर कर दी हत्या; गंगनहर में फेंका शव

HIGHLIGHTS
- 17 अगस्त को घर से निकली थी महिला, मंगलवार को मिला शव
- पुलिस ने 24 घंटे में मामले का किया खुलासा
- कार की सीटों पर मिले खून के निशान
मंगलौर। मां को मनोना धाम (बरेली) ले जाने के बहाने बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि प्रेमी ने महिला को बातचीत में उलझाए रखा और कार में पीछे बैठी बेटी ने चाकू से उसका गला काट दिया।
हत्या के बाद दोनों शव को कार में करीब 125 किलोमीटर तक ले गए और मंगलौर में गंगनहर पुल के पास झाड़ियों में फेंक दिया। मंगलवार सुबह महिला का शव बरामद होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी
मंगलवार को गंगनहर किनारे मिले महिला के शव की पहचान पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कर ली। मंगलौर कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मंगलवार सुबह पुराने गंगनहर पुल के पास एक 42 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ था।
पुलिस ने उत्तर प्रदेश और आसपास के थानों के मोबाइल ग्रुप में महिला की तस्वीर भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया। इसके बाद शव की पहचान मूल रूप से ग्राम ओली माजरा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर और हाल निवासी नटेशपुरम, मेरठ के अरविंद पंवार की पत्नी कविता (42) के रूप में हुई।
पूछताछ में कविता के पति अरविंद ने बताया कि वह एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। 17 अगस्त को ड्यूटी से लौटने पर पत्नी और बेटी उन्नति (20) घर पर नहीं मिलीं। पत्नी का फोन नहीं लगा तो उन्होंने बेटी को फोन किया। बेटी ने बताया कि वह मां को कार से अपने प्रेमी आकाश चौहान निवासी ग्राम दूल्हेड़ा, थाना पल्लवपुरम, मेरठ के साथ मनोना धाम (बरेली) ले जा रही है।
अरविंद ने बेटी और उसके प्रेमी पर पत्नी की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने उनकी तहरीर पर उन्नति और आकाश चौहान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर आरोपितों की तलाश में जुट गए।
कार से खून से सना चाकू बरामद
पुलिस ने मंगलवार देर रात लक्सर रोड से ब्रेजा कार सवार प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार के अंदर से खून से सना चाकू बरामद किया। कार की सीटें भी खून से सनी मिलीं।
एसपी देहात के मुताबिक, पूछताछ में प्रेमी युगल ने बताया कि कविता ने उन्नति पर सख्ती शुरू कर दी थी। कविता ने इंटर में पढ़ने वाली बेटी का स्कूल जाना बंद करा दिया था। वहीं, आकाश भी नटेशपुरम में किराये का कमरा लेकर रहने लगा था।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि 17 अगस्त को वे कविता को मनोना धाम ले जाने के बहाने घर से लेकर निकले थे। दोनों ने मेरठ में एक मंदिर में कविता को दर्शन भी कराए। इसके बाद वहां से आगे निकलने पर कार में पीछे बैठी उन्नति ने मां का गला काटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद बदले कपड़े
हत्या के बाद उन्नति और आकाश के कपड़े खून से सन गए थे। इसके बाद दोनों मेरठ के एक मार्ट पहुंचे और वहां से नए कपड़े खरीदे। कपड़े बदलने के बाद दोनों शव को लेकर रात में हरिद्वार की ओर निकल गए।
मंगलौर पहुंचते-पहुंचते सुबह होने लगी थी। करीब 4:40 बजे शव से बदबू आने लगी। इसके बाद दोनों ने आनन-फानन में मंगलौर पहुंचकर शव को गंगनहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।
एसपी देहात ने बताया कि उन्नति और आकाश के बीच प्रेम संबंध को मां कविता पसंद नहीं करती थी। वह कई बार इसका विरोध कर चुकी थी। इसी वजह से प्रेमी युगल ने हत्या को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि बेटी पहले भी अपनी मां को जान से मारने की धमकी दे चुकी थी। आरोपितों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को इनाम देने की संस्तुति की गई है।
दो साल के प्रेम के लिए मां के भरोसे का कत्ल
उन्नति और आकाश कक्षा 10 से साथ पढ़ाई कर रहे थे। दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध था। आकाश ने उन्नति के घर के पास ही किराये पर कमरा लिया था। दोनों की नजदीकी बढ़ने के बाद कविता ने बेटी का स्कूल जाना बंद करा दिया था और उनके रिश्ते का विरोध किया था।
बेटी ने मां को दोनों के बीच नहीं आने की धमकी भी दी थी। दोनों अलग-अलग बिरादरी से थे और शादी करना चाहते थे, जबकि कविता उनके रिश्ते के खिलाफ थी।
20 दिन पहले बनाई हत्या की योजना
पूछताछ में सामने आया कि करीब 20 दिन पहले उन्नति और आकाश ने कविता की हत्या की योजना बनाई थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग बिरादरी होने के कारण कविता इसका विरोध कर रही थी।
कविता की अरविंद से दूसरी शादी थी। करीब 20 दिन पहले जब कविता ने उन्नति का स्कूल जाना बंद कराया, तभी दोनों ने मिलकर उसकी हत्या करने का फैसला किया।
शव ठिकाने लगाने के लिए गंगनहर क्षेत्र का इस्तेमाल
मंगलौर गंगनहर क्षेत्र में शव ठिकाने लगाने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। जुलाई में मुरादाबाद की एक महिला की हत्या के बाद उसका शव मंगलौर गंगनहर क्षेत्र में फेंके जाने की बात सामने आई थी। वहीं, बहादराबाद क्षेत्र निवासी एक युवती की हत्या कर उसका शव भी मंगलौर क्षेत्र में फेंका गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.