मंत्री कपिल देव ने शहर के प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट व पोल रिफ्लेक्टर लगाने के दिए निर्देश

मुजफ्फरनगर: राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिले में नागरिक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने डीएम, विकास प्राधिकरण के सचिव और नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखकर शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े रास्तों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और पोल रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने पत्र में कहा कि शिव चौक मुज़फ्फरनगर का व्यावसायिक केंद्र और शहर का प्रमुख हृदय स्थल है, जहां से कई मार्ग राष्ट्रीय राजमार्गों तक जाते हैं। इन मार्गों पर प्रतिदिन हजारों लोग, व्यापारी, वाहन चालक और बाहरी यात्री आते-जाते हैं। रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण आमजन और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, अंधेरे में असामाजिक गतिविधियों की संभावना भी रहती है, जो कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
कपिल देव अग्रवाल ने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि शिव चौक से वहलना चौक, पिन्ना बाईपास, भोपा बाईपास, जानसठ बाईपास और रामपुर तिराहा तक के मार्गों पर डिवाइडर और किनारे स्ट्रीट लाइट और पोल रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। उनका कहना है कि इससे रात में दृश्यता बेहतर होगी और दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने यह भी कहा कि इन सुधारों से न केवल यातायात सुचारु होगा, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि नगर पालिका और मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण के माध्यम से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, उन्होंने मंडलायुक्त सहारनपुर से भी वार्ता कर नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए आदेश दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.