संभल में तिरपाल से ढकी गईं मस्जिदें, पीएसी के जवानों की तैनाती

संभल। अतिसंवेदनशील श्रेणी में शामिल संभल शहर में पुलिस और प्रशासन होली के जुलूस को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। इसी क्रम में नगर पालिका को शहर में जुलूस मार्ग पर आने वाली मस्जिदों को ढकने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी मणिभूषण तिवारी ने बताया कि सोमवार तक शहर की नौ मस्जिदों को पन्नी और तिरपाल से पूरी तरह कवर कर दिया गया है। सरायतरीन इलाके में तीन मस्जिदों को पहले ही ढक लिया गया है, जबकि शेष तीन मस्जिदें मंगलवार सुबह तक ढकी जाएंगी।
प्रशासन ने बताया कि पीस कमेटी की बैठक में उन मस्जिदों की इंतजामिया कमेटी के जिम्मेदार लोगों से संवाद किया गया था, जो होली जुलूस मार्ग पर पड़ती हैं। सभी से अपील की गई थी कि वे एहतियाती तौर पर खुद भी मस्जिदों को ढक सकते हैं। अब यह जिम्मेदारी पूरी तरह नगर पालिका को सौंपी गई है, ताकि किसी भी समुदाय की आस्था को ठेस न पहुंचे।
संभल शहर में होली जुलूस मार्ग पर कुल नौ मस्जिदें आती हैं, जिनमें से सरायतरीन इलाके में छह मस्जिदें शामिल हैं। प्रशासन ने सभी मस्जिदों को कवर कराने की पूरी व्यवस्था कर ली है।
पिछले वर्षों के अनुभव से सतर्कता
दो वर्ष पहले आर्य समाज मार्ग पर जुलूस के दौरान मस्जिद की दीवार पर रंग लग जाने से मुस्लिम समुदाय में नाराजगी हुई थी। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने समय रहते मामले को शांत कराया और मस्जिद की दीवार की सफाई करवाई।
इसके बाद से ही संभल में होली जुलूस के दौरान सभी मस्जिदों को ढकने का प्रबंध हर साल किया जाता है। यह कदम प्रशासन की ओर से पूर्व अनुभव के आधार पर उठाई गई एहतियाती सतर्कता का हिस्सा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.