देवल गांव पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद, केतन के परिवार से मिलकर दिया न्याय का भरोसा

टिहरी: प्रतापनगर के देवल गांव में मंगलवार शाम नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचे। उन्होंने हाल ही में हुई केतन की मौत के मामले को लेकर शोक संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने परिजनों को हर संभव सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
गांव पहुंचने पर परिजनों ने सांसद के सामने घटना से जुड़ी पूरी आपबीती साझा की और अपनी पीड़ा व्यक्त की। इससे पहले 18 जून को सांसद के गांव आने का कार्यक्रम था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से उन्हें हरिद्वार में रोक दिया गया था। बाद में प्रशासन की ओर से 30 जून की तिथि निर्धारित की गई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका दौरा संभव हो सका।
मुलाकात के दौरान सांसद ने मृतक के पिता धनपाल लाल से विस्तार से बातचीत की और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है और इस तरह की घटनाएं शांत पहाड़ी क्षेत्रों में स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
चंद्रशेखर आजाद ने परिवार को आश्वस्त किया कि वह इस मामले को मजबूती से उठाएंगे और न्याय की लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पूरी गंभीरता से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर प्रयास करेंगे।
परिजनों ने बातचीत के दौरान सांसद को पूरी घटना का विवरण बताया, जिसे सुनकर वह भावुक भी नजर आए। उन्होंने परिवार से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक वह उनके साथ खड़े रहेंगे।
सांसद के दौरे को देखते हुए देवल गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार रात देवल गांव में ही रुकेंगे और बुधवार सुबह वापस लौटेंगे। इस दौरान वे पीड़ित परिवार के साथ विस्तार से बातचीत भी करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.