मुजफ्फरनगर: फर्जी परिवहन अफसर गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: नगर कोतवाली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो खुद को परिवहन विभाग का अधिकारी बताकर हाईवे पर वाहन चालकों से अवैध वसूली करता था। पुलिस ने इस गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पुलिस को लगातार हाईवे पर फर्जी अधिकारी बनकर अवैध वसूली की खबरें मिल रही थीं। इन सूचनाओं के आधार पर एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा और नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। मुखबिर की जानकारी के बाद टीम ने रोहाना टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर गिरोह के आठ सदस्यों को दबोच लिया।
गिरोह अपने आप को सरकारी अधिकारी दिखाने के लिए ‘भारत सरकार’ लिखी एर्टिगा कार का इस्तेमाल करता था। वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर या अन्य छोटे नियमों का बहाना देकर निशाना बनाया जाता था। बड़े वाहनों से 400 रुपये और छोटे वाहनों से 100 रुपये की फर्जी पर्चियों के माध्यम से वसूली की जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से परिवहन विभाग जैसी दिखने वाली 30 पीली, 44 नीली, 26 लाल और 45 सफेद पर्चियां बरामद की हैं। इसके अलावा, वसूली के 52,690 रुपये नकद, 76 रिफ्लेक्टर, 3 पेन और अन्य ठगी का सामान भी जब्त किया गया। गिरोह के सदस्य अधिकारियों जैसा दिखने के लिए बॉडी बेल्ट, रिफ्लेक्टर और सीटी डोरी पहनते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत और हापुड़ के निवासी शामिल हैं। गिरोह का सरगना दिल्ली का वरुण खोखर है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.