मुजफ्फरनगर में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर। बकरीद के त्योहार को लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बकरीद के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि खुले स्थानों पर कुर्बानी से पूरी तरह परहेज किया जाए ताकि कानून-व्यवस्था और स्वच्छता प्रभावित न हो।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कुर्बानी के अवशेषों को खुले में फेंकने या नालियों में रक्त प्रवाहित करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने निर्देश दिया कि अवशेषों को निर्धारित तरीके से गड्ढा खोदकर दफन किया जाए।
नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ईद से पहले पूरे शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। साथ ही पानी की आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए आवश्यक इंतजाम और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। बिजली विभाग को भी त्योहार के दौरान लगातार बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने साफ किया कि ईद की नमाज केवल ईदगाह और मस्जिद परिसरों में ही अदा की जाएगी, सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
एसएसपी ने बताया कि जिले में पुलिस टीमें लगातार निगरानी करेंगी और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विशेष नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है। बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं ने भी आश्वासन दिया कि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
बैठक में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, एसपी सिटी अमित जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.