मुजफ्फरनगर: जिला अस्पताल में तीन साल की बच्ची को कुत्तों ने नोचा, मची अफरा-तफरी

HIGHLIGHTS
- जिला अस्पताल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब भर्ती एक तीन साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया।
- इस दर्दनाक घटना में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म आ गए।
- घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
- जानकारी के अनुसार सहारनपुर जनपद के गांव खाताखेड़ी निवासी तीन वर्षीय मीरद, पुत्री इंतजार, को बुखार की शिकायत के चलते शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
- बच्ची अपने परिवार के साथ शेरनगर स्थित…
मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब भर्ती एक तीन साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म आ गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार सहारनपुर जनपद के गांव खाताखेड़ी निवासी तीन वर्षीय मीरद, पुत्री इंतजार, को बुखार की शिकायत के चलते शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्ची अपने परिवार के साथ शेरनगर स्थित रिश्तेदारी में आई हुई थी, जहां तबीयत बिगड़ने पर उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया।

रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे बिजली गुल होने से वार्ड में गर्मी बढ़ गई, जिसके चलते परिजन बच्ची को बाहर बैठाने लगे। इसी दौरान अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों का झुंड अचानक बच्ची पर टूट पड़ा। देखते ही देखते कुत्तों ने उसे चारों ओर से घेरकर बुरी तरह नोच डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक परिजन और आसपास मौजूद लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक बच्ची बुरी तरह घायल हो चुकी थी। किसी तरह लोगों ने कुत्तों को भगाकर बच्ची को बचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही देर शाम शेरपुर ग्राम प्रधान शोएब लंबरदार ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ड के बाहर तैनात रहने वाले सुरक्षा कर्मी घटना के समय मौजूद नहीं थे और अस्पताल स्टाफ की भी लापरवाही सामने आई है।

ग्रामीणों ने बच्ची की हालत को गंभीर बताते हुए अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीके माहेश्वरी ने मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था या स्टाफ की लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.