मुजफ्फरनगर: अमेजन पार्सल से 5.27 लाख के गोल्ड कॉइन गायब, तीन पर केस दर्ज

मुजफ्फरनगर में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के पार्सल से सोने के सिक्के गायब होने का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि करीब 5.27 लाख रुपये मूल्य के सिक्कों को कथित तौर पर तीन लोगों ने मिलकर हड़प लिया। इस संबंध में एक कोरियर कर्मचारी समेत तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु स्थित कंपनी के मुख्यालय से 30 और 31 जनवरी को नई मंडी क्षेत्र के गांधी कॉलोनी निवासी लोकेश, आशुतोष और नीलम के नाम पांच प्रीपेड पार्सल भेजे गए थे। इन पार्सलों में सोने के सिक्के रखे थे। डिलीवरी के लिए ये पार्सल जानसठ रोड स्थित ब्लू कार्ड कोरियर कंपनी के पास पहुंचे।
आरोप है कि पार्सल प्राप्त करने के लिए लोकेश ने कोरियर कर्मचारियों को टिकैत चौक पर बुलाया। वहां उन्हें कुछ रुपये देकर पार्सल ले लिए गए। थोड़ी देर बाद पार्सल वापस लौटा दिए गए, यह कहते हुए कि उन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जब ये रिफ्यूजल पार्सल दोबारा बेंगलुरु स्थित वेयरहाउस पहुंचे और उनकी जांच हुई, तो अंदर के डिब्बे खाली मिले। सोने के सभी सिक्के गायब थे। मामले में लोकेश के साथ कोरियर कंपनी के दो कर्मचारियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है।
ब्लू कार्ड को मैनपावर उपलब्ध कराने वाली संस्था एमएस वाटर मेलन कंपनी के सुपरवाइजर विनोद पाल ने इस मामले में संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.