मुजफ्फरनगर में हरियाणा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट के 3 किलो सोने की तलाश में 6 ज्वेलरी दुकानों पर दबिश

HIGHLIGHTS
- कार्रवाई बुधवार दोपहर बुढ़ाना के सर्राफा बाजार में हुई।
- जगाधरी पुलिस एक आरोपी को रिमांड पर लेकर बाजार पहुंची थी।
- आरोपी ने छह ज्वेलर्स को लूटा हुआ सोना बेचने की बात बताई।
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे के सर्राफा बाजार में बुधवार दोपहर हरियाणा पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जगाधरी पुलिस करीब तीन किलोग्राम लूटे गए सोने की बिक्री के मामले में लोई गांव के एक आरोपी को साथ लेकर बुढ़ाना की छह ज्वेलरी दुकानों पर पहुंची और दबिश दी।
पुलिस आरोपी को अदालत के आदेश पर एक-दो दिन के रिमांड पर जेल से लेकर आई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लूटा हुआ करीब तीन किलोग्राम सोना बुढ़ाना के छह ज्वेलर्स को बेचा है। इसी जानकारी के आधार पर हरियाणा पुलिस आरोपी को लेकर सर्राफा बाजार पहुंची और संबंधित दुकानों की पहचान कराने लगी।
हरियाणा पुलिस की अचानक कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई सुनारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी दुकानें बंद कर दीं। इसके बाद वे बुढ़ाना कोतवाली पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
समाचार लिखे जाने तक कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिन सुनारों की दुकानों पर पुलिस पहुंची, उनमें नासिर सुनार भी शामिल था। उसने पुलिस को बताया कि वह आरोपी के परिजनों को जानता है, इसलिए उसने आरोपी से कुछ सोना खरीदा था और नया भी लेकर गया है।
हरियाणा पुलिस के अनुसार, रिमांड पर लिया गया आरोपी हरियाणा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई करीब तीन दर्जन आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।
अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आरोपी ने सोना कहां से लूटा या चोरी किया था और इसे किन-किन लोगों ने खरीदा। बुढ़ाना और हरियाणा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं। कार्रवाई के बाद बुढ़ाना के सर्राफा बाजार में दहशत का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.