मुजफ्फरनगर में आईपीएल सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भोपा थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने मोरना कस्बे में छापेमारी कर एक संगठित सट्टा गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब एक लाख रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक टैबलेट बरामद किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘99-EXCH’ नामक ऑनलाइन ऐप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टे का अवैध कारोबार चला रहे थे।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 20 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोरना में परवेज नामक व्यक्ति के घर में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर भोपा पुलिस और एसओजी देहात की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान परवेज सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान परवेज, साजिद, गुलफाम, दीपक और जाहूलक के रूप में हुई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि परवेज इस पूरे सट्टा नेटवर्क का संचालनकर्ता था और ऐप के माध्यम से गिरोह को नियंत्रित कर रहा था।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग क्षेत्रों से नकद और ऑनलाइन भुगतान के जरिए रकम इकट्ठा करते थे, जिसे आगे सट्टेबाजी में लगाया जाता था। मुनाफे को बाद में आपस में बांट लिया जाता था।
इसके अलावा पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि परवेज के नाम पर विभिन्न बैंकों में पांच खाते संचालित हो रहे थे, जिनमें संदिग्ध लेनदेन पाया गया। पुलिस ने एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सिंडिकेट बैंक और एसबीआई में मौजूद करीब एक लाख रुपये की राशि को फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.