मुजफ्फरनगर: ट्रैकसूट और फलों के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र में भूम्मा रोड पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया, जब एक ट्रैकसूट और फलों के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में लाखों रुपये का सामान और दो कारें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब 2 बजे गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया था। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य माना, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा ट्रैकसूट, फल और अन्य स्टॉक पूरी तरह जल गया। वहीं अंदर खड़ी दो कारें भी आग की चपेट में आकर राख हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण हालात काबू से बाहर होते गए। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका।
जानकारी के अनुसार, गोदाम संचालक यहां ट्रैकसूट और अन्य सामान को वाहनों में भरकर गांव-गांव सप्लाई करते हैं। आग से हुए नुकसान का शुरुआती अनुमान लाखों रुपये में लगाया जा रहा है, जबकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी किया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.