मुजफ्फरनगर: 'हर घर नल योजना' की धीमी रफ्तार पर प्रभारी मंत्री नाराज

मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में गुरुवार को जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति (कोर कमेटी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, विकास योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
‘हर घर नल’ योजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप न मिलने पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत 29 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि अन्य परियोजनाओं में लगभग 80 प्रतिशत कार्य संपन्न हो गया है। मंत्री ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं की अद्यतन सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने और शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन कार्यों के दौरान सड़कों को क्षतिग्रस्त या खुला छोड़ने पर भी मंत्री ने चिंता जताई और संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने को कहा। शहर के प्रमुख चौराहों पर बढ़ते अतिक्रमण और यातायात जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। उन्होंने यातायात पुलिस और नगर पालिका को संयुक्त अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने, सड़क पर निर्माण सामग्री न रखने और अवैध पार्किंग पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा।
मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर और अन्य योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कैंप लगाने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी वंदना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, विधायक राजपाल सिंह बालियान, चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप सहित डीएम उमेश मिश्रा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.