मुजफ्फरनगर: जलभराव से परेशान ग्रामीण पानी में चारपाई बिछाकर धरने पर बैठे

भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव सिकंदरपुर के सीकरी मार्ग पर लगातार जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर ही चारपाई बिछाकर धरना शुरू कर दिया। गंदे पानी में बैठे ग्रामीण अपनी मांगों के समाधान तक धरने पर बने रहने की जिद पर अड़े हैं।
सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपराजिता आर्यन, ग्राम सचिव इंदू देशवाल, राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार शर्मा और लेखपाल विकेश कुमार मौके पर पहुंचे। कीचड़ और जलभराव के बीच अधिकारियों को रास्ता पार करने में काफी कठिनाई हुई। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि सड़क की भूमि की पैमाइश कराई जाएगी और जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान किया जाएगा। शाम को नायब तहसीलदार ब्रजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और दो दिन के भीतर समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर पूर्व प्रधान इरफान अली, मैनपाल प्रधान, विकास चौधरी, बिट्टू प्रधान, राजीव कुमार, सुरेंद्र, कृष्णपाल, अमन सिंह, सतीश और राज सिंह उपस्थित थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
सड़क टूटी, मरम्मत नहीं हुई
खतौली खंड विकास क्षेत्र की 84 ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक और घर-घर पेयजल की सुविधा के लिए सड़क खोदकर पाइपलाइन डाली गई। लेकिन जल निगम द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाई हो रही है।
अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ओमवीर सिंह और महामंत्री चंगेज खान के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने अधिकारियों को उखड़ी सड़कों की मरम्मत और अधूरी टंकियों के निर्माण के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.