मुजफ्फरनगर: वार्ड 20 के सभासद हनी पाल चंदेल का लंबी बीमारी के बाद निधन

मुजफ्फरनगर: नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के वार्ड 20 के वर्तमान सभासद और भाजपा नेता हनी पाल चंदेल का बुधवार देर रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह पिछले दो से तीन महीने से बीमार चल रहे थे और इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती थे, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कोमा में रखा गया था।
हनी पाल चंदेल भाजपा से लगातार दूसरी बार सभासद चुने गए थे। अपने सरल व्यवहार और क्षेत्र में सक्रियता के कारण वे जनता के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय थे। भाजपा में उनकी सक्रिय भूमिका 2011 से 2016 तक वार्ड अध्यक्ष के रूप में रही, और वर्तमान में वह पार्टी के बूथ अध्यक्ष के दायित्व को निभा रहे थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप और कई अन्य सभासद उनके निवास पर पहुंचे और परिवारजनों से मिलकर दुःख व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि हनी पाल का जाना पार्टी और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।
सुबह से ही क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों का उनके घर तांता लग गया। लोग भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वार्ड 20 सहित आसपास के इलाकों में हनी पाल के निधन से शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार 11 बजे नदी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.