मुजफ्फरनगर: स्कूल बस से हुए हादसे में महिला की भी मौत, ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया

तितावी (मुजफ्फरनगर)। बुधवार को तितावी थाना क्षेत्र के हैदरनगर लिंक मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य पति महिपाल (45), पत्नी पूनम, और उनके दो बच्चे राधिका (12) और अभि (8) की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब परिवार माता के मंदिर दर्शन से लौट रहा था और सामने से आ रही स्कूल बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में महिपाल और उनके दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पूनम को मेरठ के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार के दौरान निधन हो गया। इस दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, हाईवे किया जाम
हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम के बाद शवों को लेकर पानीपत-खटीमा हाईवे स्थित जागाहेड़ी टोल प्लाजा पर पहुंचे और सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और स्कूल बस चालक व प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
करीब तीन घंटे तक जारी धरने के कारण हाईवे पर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। प्रदर्शन में भाकियू प्रदेश महासचिव धीरज लाटियान, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोबिन कश्यप और अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद थे।
अधिकारियों ने दिया मुआवजे का आश्वासन
एसपी देहात आदित्य बंसल, एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर जाकर परिजनों को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से 20 लाख रुपये और स्कूल प्रबंधन से चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद ही हाईवे जाम खुला।
परिवार में केवल दो सदस्य बचे
हादसे में परिवार का मात्र 11 वर्षीय शिवम और उसके दादा ओमप्रकाश ही जीवित बचे हैं। परिजन सभी चार शवों का एक साथ अंतिम संस्कार करने की योजना बना रहे हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.