दिल्ली-NCR में नकली कैंसर रोधी दवाओं के नेटवर्क का भंडाफोड़, डॉक्टर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- अपराध शाखा को अप्रैल में मिली थी गुप्त सूचना
- सुखदेव विहार में जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा गया
- ICLUSIG के चार पैकेट पुलिस ने किए जब्त
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एजीएस यूनिट ने दिल्ली-एनसीआर में नकली कैंसर रोधी और जीवन रक्षक दवाओं की तस्करी, मिलावट और वितरण करने वाले एक बड़े अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाएं बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है। इन दवाओं से कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की जान खतरे में पड़ रही थी।
अपराध शाखा को 21 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली-एनसीआर में नकली कैंसर रोधी और जीवन रक्षक दवाओं की सप्लाई की जा रही है। इन दवाओं को अवैध चैनलों के जरिए तस्करी कर लाया जाता था और इनमें मिलावट भी की जाती थी। बरामद कुछ दवाएं केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) से भारत में बिक्री के लिए अनुमोदित नहीं थीं। पुलिस उपायुक्त/अपराध शाखा हर्ष इंदोरा के निर्देश पर इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने दक्षिण पूर्वी दिल्ली के सुखदेव विहार स्थित मदर डेयरी बूथ पर जाल बिछाकर डॉक्टर मनीष शर्मा (39) को होंडा सिटी कार से गिरफ्तार किया। मनीष शर्मा फरीदाबाद, हरियाणा का रहने वाला है और इस अवैध कारोबार का मुख्य आरोपी है। बरामद दवाओं में ICLUSIG, ह्यूमन एल्ब्यूमिन सॉल्यूशन और DARZALEX शामिल हैं। ICLUSIG भारत में बिक्री के लिए अनुमोदित नहीं है, जबकि अन्य दवाएं तुर्की मूल की हैं और इनकी तस्करी की गई थी। इन दवाओं की वास्तविक कीमत लाखों रुपये प्रति बॉक्स/वायल है।
कौन है आरोपी डॉक्टर मनीष शर्मा?
गिरफ्तार डॉक्टर मनीष शर्मा मूल रूप से मध्य प्रदेश के भिंड, ग्वालियर का रहने वाला है। उसने रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई की, लेकिन भारत में मेडिकल परीक्षा पास नहीं कर सका। फरीदाबाद में कई अस्पताल खोलने और बंद करने के बाद उसने पत्नी के साथ एचके पॉलीक्लिनिक और एचके फार्मास्युटिकल्स शुरू किया।
वह इंडिया मार्ट पर दवाओं की बिक्री करता था। कैंसर रोधी दवाओं में भारी मुनाफा देखकर वह नकली दवाओं के कारोबार में उतर गया।
जब्त की गई प्रमुख दवाएं
पुलिस ने ICLUSIG (पोनाटिनिब टैबलेट) के चार पैकेट बरामद किए हैं, जो भारत में बिक्री के लिए अनुमोदित नहीं हैं। अमेरिका में इसकी कीमत करीब 17 लाख रुपये प्रति बॉक्स है।
इसके अलावा ह्यूमन एल्ब्यूमिन सॉल्यूशन आई.पी. 20 फीसदी के चार वायल और DARZALEX 1.800 एमजी के दो बॉक्स भी जब्त किए गए हैं। ये दोनों दवाएं तुर्की मूल की हैं और इनकी भारत में तस्करी की गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.