राहुल गांधी से मुलाकात में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं: डीके शिवकुमार

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बुधवार को स्पष्ट किया कि मंगलवार को राहुल गांधी से हुई उनकी बातचीत में राज्य में कांग्रेस नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई। दरअसल, राहुल गांधी मंगलवार को कर्नाटक दौरे पर आए थे और इस दौरान शिवकुमार उनसे अकेले में मुलाकात करते देखे गए थे, जिससे राज्य में नेतृत्व बदलने के कयास फिर से जोर पकड़ गए थे।
डीके शिवकुमार ने क्या कहा
मीडिया से बातचीत में डीके शिवकुमार ने कहा, "मैं कर्नाटक कांग्रेस का अध्यक्ष हूं और राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। हमारी बातचीत प्रोटोकॉल के अनुसार हुई थी। इसमें नेतृत्व परिवर्तन पर कोई बात नहीं हुई। राहुल गांधी ने हमें अच्छा काम करने के लिए प्रेरित किया है और हम उसी दिशा में आगे बढ़ेंगे।"
दिल्ली यात्रा पर भी दिया जवाब
जब दिल्ली जाने के सवाल पर शिवकुमार से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि वे 16 जनवरी को दिल्ली जाएंगे। हाल ही में कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन ने कहा था कि राहुल गांधी ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों को दिल्ली बुलाया है। पत्तन के अनुसार, संक्रांति के बाद दोनों नेता दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। पत्तन ने यह भी कहा कि सभी नेता कैबिनेट विस्तार चाहते हैं और वे खुद भी मंत्री पद के दावेदार हैं।
सिद्धारमैया ने खारिज की अटकलें
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को मीडिया द्वारा बनाई गई कहानी बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके और डीके शिवकुमार के बीच कोई मतभेद नहीं हैं। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के बयान और समय-समय पर दोनों नेताओं की बैठकों से संकेत मिलते हैं कि पर्दे के पीछे इस विषय पर चर्चा जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.