19 जनवरी को नामांकन, 20 को भाजपा अध्यक्ष बन सकते हैं नितिन नबीन

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अगले सप्ताह अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी और यदि कोई दूसरा दावेदार सामने नहीं आया तो 20 जनवरी को उनके निर्विरोध चुने जाने की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष पद की दौड़ में फिलहाल किसी अन्य वरिष्ठ नेता के उतरने की संभावना नहीं है। ऐसे में नितिन नबीन का चयन लगभग तय माना जा रहा है। जरूरत पड़ने पर पार्टी मुख्यालय में जेपी नड्डा के स्थान पर नए अध्यक्ष के चुनाव की पूरी प्रक्रिया कराई जाएगी।
दिल्ली में जुटेंगे वरिष्ठ नेता
अध्यक्ष चुनाव को लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण अध्यक्ष पद के नाम की आधिकारिक घोषणा करेंगे।
जानकारी के अनुसार, नामांकन तीन अलग-अलग सेटों में दाखिल किया जाएगा। एक सेट पर 20 से अधिक निर्वाचित प्रदेश अध्यक्षों के हस्ताक्षर होंगे। दूसरे सेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा के हस्ताक्षर शामिल रहेंगे, जबकि तीसरा सेट राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का होगा। यदि एक ही नामांकन वैध पाया गया तो उसी दिन अध्यक्ष के नाम की घोषणा संभव है।
संगठन स्तर पर मंथन
अध्यक्ष चुनाव से पहले जेपी नड्डा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें नितिन नबीन के साथ संगठन महासचिव बी.एल. संतोष, सुनील बंसल, अरुण सिंह और तरुण चुघ मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक रणनीति और आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई।
युवा नेतृत्व का चेहरा
नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उनके चयन को पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हाल के महीनों में वह तमिलनाडु, असम, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी जैसे राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
राजनीतिक सफर
45 वर्षीय नितिन नबीन बिहार सरकार में मंत्री हैं और पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। वह वर्तमान में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। नबीन कायस्थ समाज से आते हैं और सड़क निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
उनका जन्म पटना में हुआ। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे हैं। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इससे पहले वह भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
नबीन ने 2006 में उपचुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की। हालिया चुनाव में उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी को 51 हजार से अधिक मतों के बड़े अंतर से पराजित किया, जो उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.