गाजियाबाद में सांस और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ी, टीबी संक्रमित युवक की मौत

गाजियाबाद। बृहस्पतिवार को जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में 23 वर्षीय युवक को बेहोशी की हालत में लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में पता चला कि युवक टीबी से संक्रमित था।
ओपीडी में मरीजों की भीड़
तीन प्रमुख सरकारी अस्पतालों जिला एमएमजी, संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल और डूंडाहेड़ा अस्पताल में कुल 3,028 मरीजों ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 1,453 महिलाएं, 1,135 पुरुष और 426 बच्चे शामिल थे। खासतौर पर खांसी, जुकाम, छाती में दर्द और सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों की संख्या अधिक रही। डॉक्टर आलोक रंजन ने बताया कि वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के कारण आंखों में जलन की शिकायत भी आम हो गई है।
एमएमजी अस्पताल में 182 मरीजों का एक्स-रे किया गया, जिनमें 118 का चेस्ट एक्स-रे भी शामिल था। पांच मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया और 12 को भर्ती किया गया।
चिकित्सक की सलाह
डॉक्टर रंजन ने कहा कि सांस लेने में दिक्कत, चलने पर सांस फूलना या घबराहट जैसी स्थिति आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने गरम पानी से दिन में दो बार गरारे करने, भाप लेने, ठंडे पेय से बचने और गरम सूप या चाय-काफी पीने की सलाह दी। घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनना और सुबह-शाम की सैर को फिलहाल बंद रखना चाहिए।
एंटी रेबीज वैक्सीन और डेंगू अपडेट
सरकारी अस्पतालों में कुत्ते, बिल्ली और बंदरों के काटने पर 267 लोगों ने एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाई। इनमें 35 बच्चे भी शामिल थे। जिला एमएमजी अस्पताल और संयुक्त अस्पताल में कुल 137 लोगों ने पहली डोज ली।
इसके अलावा, जिले में डेंगू का एक नया केस सामने आया। नेहरू नगर निवासी 55 वर्षीय पुरुष की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, और उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब तक जिले में डेंगू के कुल मामले 322 हो चुके हैं। जिले में कीटनाशक छिड़काव और लार्वा जांच का कार्य सतत जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.