सीलिंग के डर से मेरठ में हड़कंप, सेंट्रल मार्केट में रातभर जागते रहे व्यापारी

मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सोमवार रात सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हड़कंप मच गया। सीलिंग और कड़ी कार्रवाई की आशंका के चलते व्यापारी, अस्पताल संचालक और अन्य प्रतिष्ठान संचालक देर रात तक अपने कामकाज को बंद करने में जुट गए।
अस्पतालों में भी तैयारी
रात में डॉ. अशोक गर्ग के अस्पताल में संचालकों की बैठक हुई। इसमें भर्ती मरीजों की पूरी जानकारी तैयार की गई और कम गंभीर मरीजों को पास के अस्पतालों में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हुई। गंभीर मरीज फिलहाल वहीं रहे। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई नया मरीज अब भर्ती न किया जाए।
बोर्ड उतारने की शुरू हुई प्रक्रिया
दूसरी ओर दुकानों और शोरूम के मालिक कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए अपने बड़े-बड़े कमर्शियल बोर्ड उतारने लगे। बुलडोजर और क्रेन की मदद से कई प्रतिष्ठानों के बोर्ड हटा दिए गए। शास्त्रीनगर स्कीम नंबर-7 में नोटिस प्राप्त प्रतिष्ठानों के बाहर देर रात तक व्यापारियों का जमावड़ा बना रहा।
व्यापारी पूरी रात जागते रहे
सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों में सीलिंग की चिंता साफ नजर आई। कई व्यापारी पूरी रात बाजार में डटे रहे और हालात पर नजर बनाए रखा। उनका कहना था कि जब तक अदालत का लिखित आदेश स्पष्ट रूप से सामने नहीं आता, तब तक सतर्क रहना जरूरी है।
संयुक्त व्यापार संघ ने विरोध की तैयारी तेज की
665 व्यापारिक संगठनों से जुड़े संयुक्त व्यापार संघ ने सोमवार रात शास्त्रीनगर में बैठक कर कार्रवाई के विरोध की रणनीति बनाई। संगठन महामंत्री संजय जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारी, स्कूल प्रबंधन और अस्पताल संचालक शामिल हुए।
संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि बार-बार व्यापारियों की रोजी-रोटी खतरे में पड़ रही है और उन्हें अपने प्रतिष्ठानों के टूटते हुए नहीं देख सकते। उन्होंने पूरे शहर के व्यापारियों से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
व्यापारी नेता अंकुर गोयल ने भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय सर्वोपरि है, लेकिन इसका समाधान ऐसा होना चाहिए कि व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की अपील भी की।
प्रशासन सतर्क, पुलिस तैनात
मार्केट में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण को लेकर मंगलवार सुबह से प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। दमकल गाड़ियां और भारी पुलिस बल कई स्थानों पर तैनात किए गए हैं। व्यापारी नेता शौंकी वर्मा ने कहा कि अगर प्रशासन अपनी जिद पर अड़ा रहा तो व्यापारी भी अपनी मजबूती दिखाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.