PM मोदी ने वाराणसी में अरविंद मिल्स की नई यूनिट का किया उद्घाटन, हजारों को मिलेगा रोजगार

HIGHLIGHTS
- वाराणसी के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन
- 7-8 एकड़ में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बना प्लांट
- 300 से अधिक स्थानीय महिलाओं की भर्ती, फिलहाल प्रशिक्षण जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मिर्जामुराद के खोचवां में अहमदाबाद, गुजरात की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह इकाई 7-8 एकड़ क्षेत्र में फैली है।
इस औद्योगिक इकाई से स्थानीय स्तर के साथ-साथ पूर्वांचल के हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसमें स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है और अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती हो चुकी है। फिलहाल इन महिलाओं को इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से कपड़ा और परिधान निर्माण के क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
पूर्वांचल में अरविंद मिल्स का यह पहला बड़ा विनिर्माण संयंत्र है। यहां खेल परिधान, अंतर्वस्त्र सहित अन्य कपड़ों का उत्पादन किया जाएगा। इस इकाई में जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांड्स के उत्पाद तैयार होंगे।
अरविंद मिल्स का कारोबार
अरविंद मिल्स केवल कपड़ा निर्माण तक सीमित कंपनी नहीं है, बल्कि इसका कारोबार धागे और कपड़े से लेकर तैयार वस्त्रों तक फैला हुआ है। कंपनी औद्योगिक उपयोग के लिए विशेष प्रकार के वस्त्र भी तैयार करती है। वर्ष 1931 में स्थापित इस कंपनी का मुख्यालय गुजरात के अहमदाबाद में है। यह डेनिम, सूती और लिनेन के कपड़े, सादे कपड़े तथा सूट के लिए फैब्रिक उपलब्ध कराती है।
प्रधानमंत्री ने कामगार महिलाओं से किया संवाद
नई औद्योगिक इकाई के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिल के अधिकारियों से कपड़ों और खादी सामग्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ‘अपना हुनर अपनी पहचान’ पहल के तहत काम करने वाली महिलाओं से बातचीत भी की।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं से उनके काम और काम के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में पूछा। इसके अलावा, उन्होंने अरविंद मिल्स की ओर से तैयार किए गए कपड़ों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। प्लांट के दो और चरणों का निर्माण किया जाएगा, जिससे हजारों लोगों के लिए अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.