संविधान पर सियासत: डिप्टी सीएम बोले– सपा सरकार में मीडिया और न्यायपालिका पर हमले हुए

मल्लावां। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा “संविधान खतरे में है” के बयान के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को पलटवार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में न्यायपालिका से लेकर मीडिया तक पर लगातार हमला किया गया और कार्यपालिका और मीडिया के खिलाफ हल्लाबोल तक की घोषणाएं होती रही।
ब्रजेश पाठक यह बात अपने पिता सुरेश पाठक की स्मृति में आयोजित दंगल के शुभारंभ के दौरान कह रहे थे।
प्रियंका गांधी के आरोपों पर टिप्पणी
इस मौके पर पत्रकारों ने प्रियंका गांधी द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों की सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवाल पर भी प्रतिक्रिया मांगी। ब्रजेश पाठक ने कहा कि कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी घटना में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाती है।
खेल और युवाओं को बढ़ावा
डिप्टी सीएम ने कहा कि खेलों के लिए बजट दोगुना किया गया है और सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में गंभीर है। उन्होंने कहा कि दंगल प्रतियोगिता आधुनिक खेलों के बीच भी युवाओं को जोड़ने का माध्यम है। विजेताओं को सरकार सीधे नौकरी देती है, जिससे खेलों में रुचि बढ़ रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
इस अवसर पर डिप्टी सीएम अपने पैतृक घर भी पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। कार्यक्रम में उनके भाई राजेश पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, बांगरमऊ से विधायक श्रीकांत कटियार, सफीपुर से विधायक बंबालाल दिवाकर, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, गौरव पाठक, मनोज अग्निहोत्री और विशाल जायसवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक सिंह ने किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.