मुजफ्फरनगर में बिजली संकट: भीषण गर्मी में घंटों ठप रही सप्लाई, लोग परेशान

मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी के बीच रविवार रात शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कहीं घोषित शटडाउन रहा तो कहीं तकनीकी खराबियों के चलते सप्लाई बाधित हो गई, जिससे लोग देर रात तक उमस भरी गर्मी में परेशान रहे। सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे पाल धर्मशाला बिजलीघर से जुड़ी सप्लाई अचानक बंद हो गई, जिसके चलते कई इलाके अंधेरे में डूब गए। बिजली विभाग की टीमों ने फॉल्ट तलाशने के लिए देर रात तक जांच अभियान चलाया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद 33 केवी लाइन में खराबी का पता चला। अधिकारियों ने बताया कि लाइन में झम्पर उड़ने से आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे दुरुस्त करने के बाद लगभग एक घंटे में बिजली बहाल कर दी गई।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि पाल धर्मशाला फीडर क्षेत्र में रात करीब 8 बजे से ही बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई थी, जिससे बिजली बार-बार आती-जाती रही और लोगों को गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी।

सिर्फ यही क्षेत्र नहीं, बल्कि न्यू रुड़की रोड फीडर से जुड़े इलाकों में भी कई घंटों तक बिजली गुल रही। गांधी कॉलोनी में रात करीब 11:40 बजे सप्लाई ठप हो गई, जबकि नई मंडी क्षेत्र के कूकड़ा स्थित कमल नगर में भी लंबे समय तक बिजली बाधित रही।
लगातार हो रही कटौती और ट्रिपिंग से लोगों में नाराजगी देखी गई। कई उपभोक्ताओं ने सोशल मीडिया और विभागीय हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और व्यवस्था सुधारने की मांग की।

उधर, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (नगरीय) सागर मल ने बताया कि सरवट रोड पर डॉ. अलका त्यागी के पास लगे ट्रांसफार्मर की लीड जलने से समस्या पैदा हुई थी, जिसे तुरंत ठीक कराया गया। इसके अलावा 33 केवी लाइन में दो फेस डाउन होने की दिक्कत भी सामने आई थी, जिसे पेट्रोलिंग कर ठीक कर दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.