मोहर्रम-कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर में RAF के साथ पुलिस का संयुक्त फ्लैग मार्च

मुजफ्फरनगर: आने वाले मोहर्रम और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। इसी क्रम में रविवार देर रात सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) और शहर के सभी थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

यह फ्लैग मार्च शिव चौक से शुरू होकर भगत सिंह रोड, सर्राफा बाजार, नॉवल्टी चौक और मेरठ रोड जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस शिव चौक पर ही समाप्त हुआ। पूरे मार्ग में बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी की जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि मोहर्रम और कांवड़ यात्रा दोनों ही अहम धार्मिक आयोजन हैं, जिनके शांतिपूर्ण आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ नियमित गश्त भी की जाएगी, ताकि जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.