होर्मुज संकट के बीच भारत को राहत, कांडला पहुंचा एलपीजी जहाज ‘सिमी’

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और समुद्री सुरक्षा को लेकर बढ़े तनाव के बीच भारत के लिए रसोई गैस आपूर्ति से जुड़ी राहत की खबर सामने आई है। मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला एलपीजी टैंकर ‘सिमी’ रविवार सुबह गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट पर सुरक्षित रूप से पहुंच गया। यह जहाज 13 मई को खतरनाक माने जाने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरा था, जहां हाल के महीनों में सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने कतर के रास लफ्फान टर्मिनल से करीब 20 हजार टन एलपीजी की खेप खरीदी थी, जिसे यह जहाज भारत लेकर आया। इस पूरी यात्रा के दौरान 21 विदेशी चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।
बताया जा रहा है कि जहाज ने पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण समुद्री क्षेत्र से गुजरते समय अपनी सुरक्षा रणनीति के तहत ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) को कुछ समय के लिए बंद रखा, ताकि जोखिम वाले क्षेत्र में उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके। इसके बाद वह ईरान के लारक द्वीप के पूर्वी हिस्से से सुरक्षित मार्ग से आगे बढ़ा।
यह जहाज उन चुनिंदा मालवाहकों में शामिल है, जिन्होंने हालिया तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर भारत तक सफल यात्रा पूरी की है। मार्च से अब तक यह इस मार्ग से भारत पहुंचने वाला 13वां टैंकर बताया जा रहा है। इसी क्रम में एक और जहाज ‘एनवी सनशाइन’ भी भारत की ओर बढ़ रहा है।
सरकारी स्तर पर इस पूरी प्रक्रिया में कई मंत्रालयों—पेट्रोलियम, विदेश, रक्षा और बंदरगाह एवं जहाजरानी—के बीच समन्वय रहा, जिससे आपूर्ति बाधित नहीं हुई और जहाज सुरक्षित रूप से भारतीय बंदरगाह तक पहुंच सका।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.