सहारनपुर में रालोद को झटका, 26 साल बाद राव कैसर सलीम ने छोड़ी पार्टी, आसपा में हुए शामिल

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल से करीब 26 वर्षों से जुड़े रहे पूर्व जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम ने पार्टी से नाता तोड़ लिया है। सोमवार को उन्होंने दिल्ली में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी परिवर्तन के बाद उन्होंने रालोद नेतृत्व पर सिद्धांतों से भटकने का आरोप लगाया और इसे अपने फैसले की प्रमुख वजह बताया।
राव कैसर सलीम ने कहा कि उनके राजनीतिक आदर्श पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह रहे हैं। उन्हीं के सामाजिक और राजनीतिक विचारों से प्रेरित होकर तथा चौधरी अजित सिंह की सोच से प्रभावित होकर वह वर्ष 1999 में रालोद से जुड़े थे। लंबे समय तक पार्टी के लिए काम करते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष समेत कई अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिन्हें उन्होंने निष्ठा के साथ निभाया।
उन्होंने बताया कि बीते कुछ समय से पार्टी की कार्यप्रणाली में बदलाव महसूस हो रहा था। उनके अनुसार, रालोद अपने मूल एजेंडे से हट रही है और ऐसे लोग प्रभावी हो रहे हैं, जो संगठन को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से पार्टी में स्वयं को असहज महसूस कर रहे थे। काफी सोच-विचार के बाद आज़ाद समाज पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया, क्योंकि वहां कर्मठता और ईमानदारी को महत्व दिया जाता है।
दिल्ली में नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से शामिल किया। राव कैसर सलीम ने कहा कि वह अब आज़ाद समाज पार्टी के मंच से किसानों तथा समाज के शोषित, वंचित और पीड़ित वर्ग की आवाज उठाएंगे।
इधर, राव कैसर सलीम के रालोद छोड़ने से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब डेढ़ साल से रालोद जिला इकाई तीन गुटों में बंटी हुई थी। एक गुट वर्तमान जिलाध्यक्ष शाहजमां खान और प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह के साथ था, दूसरा खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल के नेतृत्व में सक्रिय था, जबकि तीसरा गुट राव कैसर सलीम का माना जाता था। इस दौरान कई अवसरों पर आपसी मतभेद सार्वजनिक रूप से भी सामने आए।
दिल्ली में कई नेताओं ने ली सदस्यता
राव कैसर सलीम अपने समर्थकों के साथ दिल्ली स्थित चंद्रशेखर आज़ाद के आवास पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व जिला उपाध्यक्ष फरमान राव, राव सलीम जजनैर, राव मेहरबान, नानौता चेयरमैन अफजाल खान, गुरु महिपाल दास, पृथ्वीराज, इमरान खान, राज सिंह सहित कई नेताओं ने भी आज़ाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.