संभल में अमोनिया गैस लीक से मची अफरा-तफरी, घरों से बाहर निकले लोग

HIGHLIGHTS
- संभल के चंदौसी क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुरादाबाद रोड के आसपास अचानक अमोनिया गैस जैसी तीखी गंध फैल गई।
- गैस के असर से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
- स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब साढ़े नौ बजे मुरादाबाद रोड समेत आसपास की कई कॉलोनियों और मोहल्लों में हवा के साथ तेज बदबू फैलने लगी।
- देखते ही देखते लोगों को घुटन महसूस होने लगी और कई लोगों की आंखों में तेज जलन शुरू हो गई।
- कुछ लोगों ने त्वचा में खिंचाव और…
संभल के चंदौसी क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुरादाबाद रोड के आसपास अचानक अमोनिया गैस जैसी तीखी गंध फैल गई। गैस के असर से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब साढ़े नौ बजे मुरादाबाद रोड समेत आसपास की कई कॉलोनियों और मोहल्लों में हवा के साथ तेज बदबू फैलने लगी। देखते ही देखते लोगों को घुटन महसूस होने लगी और कई लोगों की आंखों में तेज जलन शुरू हो गई। कुछ लोगों ने त्वचा में खिंचाव और बेचैनी की भी शिकायत की।
स्थिति बिगड़ती देख लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंदौसी और बनियाठेर थाना पुलिस के साथ दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस और दमकल कर्मियों ने आसपास मौजूद कोल्ड स्टोर और अन्य फैक्ट्रियों की जांच की, लेकिन गैस रिसाव का स्पष्ट स्रोत पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में 10 से अधिक छोटे-बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जिसके चलते जांच कई फैक्ट्रियों तक पहुंची।
हालांकि कुछ देर बाद गैस की गंध धीरे-धीरे कम होने लगी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और गैस रिसाव के वास्तविक कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.