शामली: विनोद की आखिरी कॉल ने बढ़ाया हत्या का शक, हाथ पर लिखे मिले दो नाम

शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में सेंहटा बाईपास के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विनोद कश्यप (50) के रूप में हुई है। परिजनों ने शामली तहसील के एक अधिवक्ता और एक बैनामा लेखक पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक निवासी विनोद कश्यप करीब 15 वर्षों से शामली तहसील में अधिवक्ताओं और बैनामा लेखकों के चैंबर में पानी पिलाने का काम करते थे। शुक्रवार शाम उनका शव तहसील से लगभग 500 मीटर दूर सेंहटा बाईपास किनारे एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। पास ही उनकी मोपेड भी खड़ी पाई गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाने पर परिजनों का हंगामा
शनिवार सुबह मृतक के परिजन और ग्रामीण आदर्श मंडी थाने पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने थाना प्रभारी का घेराव भी किया। मृतक के पुत्र सुमित ने तहरीर देकर तहसील के अधिवक्ता मोहित गर्ग और बैनामा लेखक कुलदीप ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया। करीब पांच घंटे तक चले विरोध के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
हाथ पर लिखे मिले नाम, जेब से बरामद हुई पर्ची
पुलिस के अनुसार मृतक के एक हाथ पर पेंसिल से ‘मोहित’ और ‘ठाकुर’ नाम लिखा मिला। इसके अलावा उसकी जेब से एक पर्ची भी बरामद हुई, जिसमें इन दोनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की बात लिखी हुई थी।
पत्नी को फोन कर बताई थी मारपीट की बात
मृतक की पत्नी सुनीता के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब सात बजे विनोद ने फोन कर बताया था कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की है और उन्हें घेर रखा है। उन्होंने कहा था कि वह उस दिन घर नहीं आ पाएंगे। सुनीता ने उन्हें घर लौटने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। फोन के आखिर में उन्होंने कहा कि “उसके फांसी घाल दी” और ‘राम-राम’ कहकर कॉल काट दिया। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी और तलाश शुरू की, जिसके बाद उनका शव पेड़ से लटका मिला।
पहले भी मिल चुकी थी धमकी
मृतक के बेटे सुमित का कहना है कि दो दिन पहले उसके पिता ने बताया था कि मोहित गर्ग और कुलदीप ठाकुर उनसे नाराज हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस बात को लेकर उनके पिता ने उनसे माफी भी मांगी थी।
पुलिस का बयान
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि यदि पुलिस को कुछ मिनट पहले सटीक सूचना मिल जाती तो संभवतः विनोद की जान बचाई जा सकती थी। परिवार की ओर से डायल 112 पर सूचना दी गई थी, लेकिन सही लोकेशन नहीं मिल पाने के कारण तलाश में समय लगा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब तक शव पेड़ से लटका हुआ था।
संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी
श्री सनातन हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणदेव तोमर ने थाने पहुंचकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो संगठन आंदोलन करेगा।
एसपी एनपी सिंह के अनुसार मृतक के पुत्र की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.