सिरसा: डबवाली क्षेत्र में 3.5 साल की बच्ची की अपहरण के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सिरसा। डबवाली के गांव रामपुरा बिशनोईया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का शव गांव के माइनर के पास स्थित खेतों से बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। बच्ची का पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए टीम सहित विभिन्न पुलिस दल रातभर बच्ची की तलाश में जुटे रहे। लगभग 200 पुलिसकर्मी क्षेत्र में तैनात किए गए।
अगले दिन सुबह करीब 5 बजे बच्ची का शव रामपुरा बिशनोईया माइनर के पास खेतों में पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें स्पष्ट दिखाई दिया कि पड़ोसी गांव ख्योंवाली का 23 वर्षीय संजय कुमार बच्ची को अपनी बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था। संजय शादीशुदा है और उसकी दो बहनें रिसालिया खेड़ा में विवाहित हैं। बताया गया है कि वह सोमवार को अपनी बहनों से मिलने आया था और मंगलवार शाम बाइक लेकर निकला और बच्ची को साथ ले गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय कुमार को रामपुरा बिशनोईया के खेतों से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। क्षेत्र में इस घटना से दहशत और गुस्से का माहौल है। परिजन शोकाकुल हैं और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.