सोनिया गांधी अस्पताल से डिस्चार्ज, सेहत में सुधार के बाद घर लौटीं

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्हें 5 जनवरी 2026 को सीने में संक्रमण के कारण ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या बढ़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी ने इलाज पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और उनकी स्थिति में लगातार सुधार देखा गया। इसके बाद रविवार शाम करीब पांच बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने और उपचार जारी रखने की सलाह दी है।
सांस की दिक्कत के बाद कराया गया था भर्ती
सोनिया गांधी को 5 जनवरी की रात लगभग 10 बजे अस्पताल लाया गया था, जब उन्हें सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही थी। चिकित्सकीय जांच में सामने आया कि ठंड और बढ़ते प्रदूषण के चलते उनका ब्रोंकियल अस्थमा हल्के स्तर पर सक्रिय हो गया था। एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।
इलाज के बाद सेहत में सुधार
डॉ. स्वरूप के अनुसार, इलाज के दौरान उन्हें एंटीबायोटिक्स सहित आवश्यक सहायक दवाएं दी गईं। स्वास्थ्य में सुधार को देखते हुए अस्पताल से छुट्टी का निर्णय लिया गया। करीब छह दिन तक अस्पताल में रहने के बाद सोनिया गांधी अब अपने आवास पर आराम कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जून 2025 में पेट से जुड़ी समस्या के कारण सोनिया गांधी को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.