लखनऊ में खेल महाकुंभ का आगाज, राजनाथ सिंह बोले– खेल भी विकास का पैमाना

लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सोमवार को ‘सांसद खेल महाकुंभ 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया, जहां उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन को सराहा। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों का प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया।
इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति का मूल्यांकन केवल जीडीपी से नहीं, बल्कि खेलों में उसके प्रदर्शन से भी किया जाना चाहिए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया का उदाहरण देते हुए समाज में खेलों के प्रति जागरूकता और खिलाड़ियों के सम्मान को बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि यह आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार का भी मजबूत आधार बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि ओलंपिक, एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवाओं में नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ललित उपाध्याय और अर्जुन देशवाल जैसे खिलाड़ियों को पहले ही डीएसपी पद पर नियुक्त किया जा चुका है, जबकि कई अन्य को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी बनाया गया है।
मंत्री ने आगे बताया कि पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि को पहले की तुलना में दो से चार गुना तक बढ़ाया गया है। साथ ही पुलिस विभाग में 500 से अधिक भर्तियां भी खिलाड़ियों के लिए की जा चुकी हैं। उन्होंने पुरानी सोच “खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब” को खारिज करते हुए नया नारा दिया—“खेलेगा यूपी, बढ़ेगा यूपी।”
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मेयर सुषमा खर्कवाल, विधायक योगेश शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव, नीरज बोरा समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.