यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए सख्त सुरक्षा, स्ट्रांग रूम पर 24 घंटे निगरानी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को लेकर शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी 72 परीक्षा केंद्रों के प्रभारियों, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और प्रशासनिक तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता डीएम उमेश कुमार मिश्रा ने की। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 56,163 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसमें हाईस्कूल के 29,151 और इंटरमीडिएट के 27,012 छात्र शामिल हैं। डीआईओएस राजेश श्रीवास ने सभी परीक्षा केन्द्र प्रभारियों को परीक्षा संचालन के नियमों और सुरक्षा प्रोटोकॉल से अवगत कराया।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए। इसके तहत:
स्ट्रॉन्ग रूम में डबल लॉक प्रणाली लागू होगी और चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास सुरक्षित रखी जाएगी।
स्ट्रॉन्ग रूम में मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्णतः रोक होगी।
24 घंटे सीसीटीवी और नाइट विजन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
उत्तर पुस्तिकाओं का स्टॉक रजिस्टर नियमित अपडेट किया जाएगा और क्षतिग्रस्त या बिना क्रमांक वाली उत्तर पुस्तिकाओं का उपयोग नहीं किया जाएगा।
डीएम मिश्रा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने, टीम भावना से कार्य करने और परीक्षा की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त फर्नीचर, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
समन्वय और आकस्मिक स्थिति के लिए निर्देश
एडीएम प्रशासन संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा संचालन के दौरान प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के बीच मजबूत समन्वय स्थापित किया गया है। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट नियमित निरीक्षण करेंगे और किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। कंट्रोल रूम का नंबर 0131-2972838 जारी किया गया है, जहां प्रभारी संदीप कुमार कौशिक और आशुतोष सिंह से संपर्क किया जा सकता है।
बैठक का संचालन प्रधानाचार्य डॉ. विकास कुमार ने किया। इसके अलावा प्रधानाचार्य रणवीर सिंह, आशीष द्विवेदी, प्रियंका, चंद्रमोहन शर्मा, ज्योति बाला, प्रवीण चौधरी, कपिल त्यागी और रेणु बेदी सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.