सुक्खू ने किया पलटवार, भाजपा पर गुटबाजी और झूठ की लड़ाई का लगाया आरोप

शिमला। भाजपा के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस के “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान के तहत शनिवार को प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन से हस्ताक्षर अभियान की प्रतियां नई दिल्ली स्थित एआईसीसी को भेजी गईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सुबह 11 बजे इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर सांसद अनुराग ठाकुर के हालिया बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने गुटबाजी के सवाल पर कहा था कि भाजपा में “हम पांच पांडव हैं, जो कौरवों पर भारी पड़ेंगे।” सुक्खू ने कहा कि पांच गुटों में बंटी भाजपा अब खुद को पांच पांडव कह रही है, जबकि पांडवों ने सत्य और अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उन्होंने भाजपा पर प्रदेश के हित और अधिकारों की लड़ाई को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी सिर्फ दिखावे के लिए खुद को “कलयुग के पांडव” के रूप में प्रस्तुत कर रही है।
सीएम ने यह भी कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री के पास जाए और अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश मंत्रिमंडल को आपदा प्रभावितों की मदद करनी पड़े, तो वे भी इसके लिए तैयार हैं। सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा गुटबाजी और सत्ता के स्वार्थ के लिए प्रदेश हित की अनदेखी कर रही है। उन्होंने जयराम ठाकुर की पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र के साथ “डबल इंजन” होने के दावे के बावजूद प्रदेश की संपदा को नीलाम किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू नादौन विधानसभा क्षेत्र के मंझेली पहुंचे, जहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने स्थानीय जनता की समस्याएं सुनी और कड़साई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि बिहार में लोग समझ-समझकर वोट देंगे और सत्ता का फैसला करेंगे। कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए तथ्य गंभीर हैं और चुनाव आयोग को इन पर स्पष्टता प्रदान करनी चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.