बांकेबिहारी मंदिर में 23 जनवरी से शुरू होगी 40 दिवसीय होली, तैयारियों में जुटे सेवायत

मथुरा के वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर में इस वर्ष वसंत पंचमी के अवसर पर 23 जनवरी से होली उत्सव की औपचारिक शुरुआत होगी। इस दिन ठाकुर बांकेबिहारी महाराज भक्तों के संग सतरंगी गुलाल की होली खेलेंगे। मंदिर प्रशासन और सेवायत गोस्वामी इस विशेष आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं।
वसंत पंचमी से मंदिर में 40 दिनों तक चलने वाले होली महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस दौरान होली के पारंपरिक पदों के गायन के बीच ठाकुरजी का सतरंगी गुलाल से विशेष शृंगार किया जाएगा। सेवायत गोस्वामी ठाकुरजी के कपोलों पर गुलाल अर्पित करेंगे, जिसे ‘गुलचप्पा शृंगार’ कहा जाता है। यह अनूठा शृंगार धुलैंड़ी से एक दिन पूर्व तक प्रतिदिन किया जाएगा।
मंदिर की हाईपावर्ड कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी के अनुसार, हर दिन सुबह शृंगार आरती से लेकर राजभोग आरती तक चांदी के थालों में ठाकुरजी को गुलाल अर्पित किया जाएगा। इसके बाद वही गुलाल प्रसाद के रूप में भक्तों पर बरसाया जाएगा। शाम को शयन आरती तक दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं पर भी गुलाल डाला जाएगा।
सेवायत अशोक गोस्वामी ने बताया कि 27 फरवरी को रंगभरनी एकादशी से 3 मार्च तक मंदिर में टेसू के फूलों से तैयार प्राकृतिक रंगों के साथ विशेष होली मनाई जाएगी। 40 दिनों तक चलने वाले इस ब्रज की अनूठी होली में शामिल होने और ठाकुरजी के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के वृंदावन पहुंचने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.