नमो भारत ट्रेन के रूट में आ रही अड़चन जल्द होगी दूर, इफको चौक पर बनेगा इंटरचेंज स्टेशन

गुरुग्राम। नमो भारत ट्रेन परियोजना के पहले चरण में दिल्ली के सराय काले खां से रेवाड़ी के बावल तक बनने वाले रूट पर गुरुग्राम के इफको चौक और उसके आगे मार्ग में आ रही बाधा जल्द ही दूर कर दी जाएगी। इस मार्ग पर गुरुग्राम-फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा लाइन के लिए इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण होना है। लेकिन यहां से गुजर रही जीएमडीए की पेयजल और सीवर लाइनों के कारण स्टेशन का निर्माण फिलहाल संभव नहीं था।
सर्वे रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय ऊर्जा और आवास मंत्री मनोहर लाल ने जीएमडीए और एनसीआरटीसी के अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद जीएमडीए ने नक्शा और रिपोर्ट एनसीआरटीसी को सौंप दिया। रिपोर्ट के अनुसार जनवरी से पेयजल और सीवर लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य शुरू होगा।
इस मार्ग पर कई बड़ी पेयजल लाइनें गुजर रही हैं। इनमें 1400 एमएम क्षमता वाली 870 मीटर लंबी और सात मीटर गहरी लाइन, दूसरी समान गहराई वाली 270 मीटर लंबी लाइन, तथा 1800 एमएम क्षमता वाली 600 मीटर लंबी लाइन शामिल हैं। ये सभी लाइने झाड़सा चौक से राजीव चौक तक के रूट में आती हैं। इसके अलावा शुद्ध पानी की एक लाइन भी दूसरी जगह शिफ्ट की जाएगी।
जीएमडीए ने नक्शा एनसीआरटीसी को इस उद्देश्य से सौंपा है ताकि खोदाई के दौरान एजेंसी को पूरी जानकारी रहे। सभी लाइनों को ऐसी जगह शिफ्ट किया जाएगा जहां भविष्य में कोई भूमिगत परियोजना प्रभावित न हो। कार्य जनवरी में शुरू होकर लगभग एक माह में पूरा होने की उम्मीद है।
इफको चौक पर बनने वाला इंटरचेंज स्टेशन यात्रियों को मेट्रो और फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा की नमो भारत ट्रेन से जोड़ने की सुविधा देगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.