सीएम योगी के सिंगापुर दौरे के पहले ही दिन 6,650 करोड़ रुपये के तीन एमओयू

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों सिंगापुर के दौरे पर हैं। अपने दौरे के पहले ही दिन राज्य को बड़ी निवेश सौगात मिली। यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने उत्तर प्रदेश में 6,650 करोड़ रुपये के कुल निवेश के लिए तीन अलग-अलग समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह निवेश आवास, लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे अहम क्षेत्रों में किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजनाओं से 20 हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों के साथ बैठक में प्रदेश की स्थिर नीतियों, बेहतर सड़क और हवाई कनेक्टिविटी तथा तेजी से मजबूत हो रहे औद्योगिक ढांचे की जानकारी साझा की। उन्होंने डेटा सेंटर परियोजना के सिलसिले में समूह को लखनऊ आने का न्योता भी दिया और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।
किन क्षेत्रों में हुए समझौते
1. अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित ग्रुप हाउसिंग परियोजना
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में, जेवर एयरपोर्ट के पास करीब 100 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय थीम पर आधारित टाउनशिप विकसित की जाएगी। इस परियोजना में लगभग 3,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे करीब 12 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है। परियोजना के 2027 तक शुरू होने की उम्मीद जताई गई है।
2. कानपुर-लखनऊ हाईवे पर लॉजिस्टिक्स पार्क
कानपुर-लखनऊ हाईवे के किनारे 50 एकड़ क्षेत्र में एक आधुनिक लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित किया जाएगा। इस पर 650 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। अनुमान है कि इससे लगभग 7,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह परियोजना भी 2027 तक शुरू हो सकती है।
3. नोएडा/ग्रेटर नोएडा में हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क
नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि पर 40 मेगावाट आईटी पावर क्षमता वाला हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और करीब 1,500 रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके 2028 में संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश की औद्योगिक और तकनीकी क्षमता भी मजबूत होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.