आगरा में ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप की टक्कर, बच्चों समेत 14 लोग घायल

आगरा: जिले के शमसाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर मंगलवार रात एक सड़क हादसे में बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक पिकअप मैक्स वाहन को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कुल 14 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, फतेहाबाद थाना क्षेत्र के जगराजपुर गांव के लगभग 20 लोग महाराजपुर में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पिकअप मैक्स से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे जब उनका वाहन झाल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पिकअप को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर फतेहाबाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे में घायल लोग
घायलों में मनीष, किट्टू (3), रामबरन, हेमंत (8), खुशबू (12), अंशु (7), भोगेंद्र, हर्ष (10), अक्षत (6), कान्हा, रुचि (14), अमित (13), हेमराज (8), मनु (4) और मायाराम शामिल हैं।
एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन में सवार लोगों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.