मुजफ्फरनगर: व्यापारियों ने खोला समस्याओं का पिटारा, डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुजफ्फरनगर। जिले के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। इस दौरान व्यापारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बिजली आपूर्ति, जलभराव, नाले-नालियों की सफाई, सड़क व्यवस्था, परिवहन सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
व्यापारियों ने जानसठ रोड स्थित एक प्रतिष्ठान के सामने लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर जल्द से जल्द जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही नालों और नालियों की नियमित सफाई एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कराने के भी आदेश दिए।
बैठक के दौरान बिजली व्यवस्था का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
व्यापारी संगठनों की ओर से उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक कंसल, संजय मित्तल, कृष्ण गोपाल मित्तल, श्याम सिंह सैनी, राकेश कुमार गर्ग और राकेश कुमार त्यागी समेत अन्य प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याओं और सुझावों को विस्तार से प्रशासन के समक्ष रखा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला पूर्ति अधिकारी, एआरएम परिवहन निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन उपायुक्त राज्य कर (प्रशासन) शोभित श्रीवास्तव ने किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.