कुशीनगर में दर्दनाक हादसा, ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबे तीन मासूम

कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रामसभा मैनपुर के टोला दीनापट्टी स्थित एक ईंट भट्ठे पर मिट्टी के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था, जिसमें खेलते-खेलते चार मासूम बच्चे गिर गए। हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा किसी तरह बाहर निकलकर परिजनों तक पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को गड्ढे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े सात बजे दीनापट्टी स्थित पंकज ईंट उद्योग में छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार काम में लगे हुए थे। इसी दौरान उनके बच्चे पास ही खेल रहे थे। मृतकों में अभय (3 वर्ष) पुत्र पंचु, अनन्या (7 वर्ष) पुत्र लखन और अनुष्का (ढाई वर्ष) पुत्र सुखन शामिल हैं, जो छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते बच्चे ईंट बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे के पास पहुंच गए, जहां बारिश का पानी जमा था। संतुलन बिगड़ने से चारों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। एक बच्ची किसी तरह बाहर निकलकर रोते हुए परिजनों तक पहुंची और पूरी घटना बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने अन्य बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, लेकिन तीन मासूमों को बचाया नहीं जा सका।
सूचना पर सीएचसी पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.