रायगढ़ में दर्दनाक हादसा: अंबेनाली घाट में एसयूवी खाई में गिरी, 8 युवकों की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट में एक एसयूवी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग सतारा जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि युवक दापोली घूमने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अंबेनाली घाट के दाभिल गांव के पास वाहन चालक संतुलन खो बैठा, जिसके बाद एसयूवी सीधे खाई में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पोलादपुर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। खाई करीब एक हजार फीट गहरी होने के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। देर रात अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका भी बचाव अभियान में बाधा बना रहा। टीम ने रस्सियों की मदद से नीचे उतरकर यात्रियों तक पहुंचने की कोशिश की।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह तक शवों को बाहर निकालने का अभियान जारी रहा। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीखे मोड़ पर वाहन का नियंत्रण बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई।
अंबेनाली घाट पहले भी कई बड़े हादसों का गवाह रह चुका है। इससे पहले भी यहां कई वाहन गहरी खाइयों में गिर चुके हैं। कुछ वर्ष पहले इसी घाट में एक बस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हुई थी। ताजा हादसे ने एक बार फिर घाट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.