बागपत में दो सड़क हादसों में एनआरआई युवती समेत दो की मौत, जर्मनी में थीं एआई क्रिएटर

HIGHLIGHTS
- गांगनौली कट के पास ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
- हादसे में आदित्य अरोरा गंभीर रूप से घायल, दिल्ली में इलाज जारी
- शहरा अरोरा जर्मनी में चीन की कंपनी में एआई क्रिएटर थीं
बागपत में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एनआरआई युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली कट के पास ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे से कार टकरा गई। हादसे में दिल्ली के मॉडल टाउन निवासी 21 वर्षीय शहरा अरोरा की मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, रविवार रात दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर छपरौली चुंगी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 43 वर्षीय मनोज की मौत हो गई।
दिल्ली के मॉडल टाउन निवासी भारत भूषण अरोरा ने बताया कि उनकी भतीजी शहरा अरोरा जर्मनी में रहती थीं और वहां चीन की एक कंपनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रिएटर के पद पर कार्यरत थीं। करीब एक महीने पहले वह छुट्टी लेकर दिल्ली आई थीं। सोमवार सुबह करीब चार बजे उनका बेटा आदित्य अरोरा और भतीजी शहरा कार से देहरादून जा रहे थे।
ट्रक ने अचानक लगाए ब्रेक, पीछे से टकराई कार
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली कट के पास आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके बाद पीछे से आ रही आदित्य और शहरा की कार ट्रक में जा घुसी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल ले जाते समय शहरा की मौत हो गई। शहरा अपने परिवार की इकलौती बेटी थीं। भारत भूषण अरोरा ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार करते हुए पुलिस को लिखित में दिया।
पांच सितंबर को लौटना था जर्मनी
भारत भूषण अरोरा के मुताबिक, दिल्ली आने के बाद शहरा देहरादून घूमने के लिए निकली थीं। उन्हें पांच सितंबर को वापस जर्मनी जाना था, लेकिन उससे पहले ही हादसे में उनकी जान चली गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से शहरा का पासपोर्ट भी बरामद किया।
शहरा का पोस्टमार्टम दो चिकित्सकों के पैनल ने किया। इसमें उनकी दो-तीन पसलियां टूटी हुई और लीवर फटा हुआ मिला। चेहरे और हाथ पर भी चोट के निशान मिले। इन्हीं चोटों के कारण उनकी मौत होना सामने आया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से सफाईकर्मी की मौत
ट्योढ़ी गांव निवासी संदीप ने बताया कि उनके बड़े भाई मनोज पुलिस लाइन में अस्थायी सफाईकर्मी थे। रविवार शाम वह बाइक से घर का सामान लेने बड़ौत गए थे। सामान खरीदने के बाद रात में घर लौटते समय दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर छपरौली चुंगी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में घायल मनोज को लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल और फिर मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। मेरठ मेडिकल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मनोज के परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं।
लोकेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने बड़ौत कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
सीओ ने क्या कहा
सीओ बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि सड़क हादसों में महिला एनआरआई समेत दो लोगों की मौत हुई है। एक मामले में तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर वाहन की तलाश की जा रही है। वहीं, एनआरआई के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.